दमोह: चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका देने की तैयारी में कांग्रेस

राहुल लोधी के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस यहां एक भाजपा नेता पर ही बड़ा दांव खेलने की तैयारी में दिख रही है।

दमोह (जोशहोश डेस्क) दमोह में अभी उपचुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन यहां सियासी बिसात बिछने लगी है। राहुल लोधी के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस यहां एक भाजपा नेता पर ही बड़ा दांव खेलने की तैयारी में दिख रही है।

भाजपा के दिग्गज नेता जयंत मलैया और प्रहृलाद पटेल के करीबी कहे जाने वाले भाजपा नेता अवधेश प्रताप सिंह की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हैं। इनमें वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के साथ नजर आ रहे हैं।

इन तस्वीरों के वायरल होते ही यह चर्चा चल पड़ी है कि अवधेश प्रताप कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। दमोह विधायक राहुल लोधी ने 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के बीच ही कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। जिसके बाद दमोह में उपचुनाव होना है।

माना जा रहा है कि भाजपा यहां राहुल लोधी को ही अपना उम्मीदवार बनाएगी। हालांकि राहुल लोधी से शिकस्त खाने वाले जयंत मलैया भी रेस में हैं। अब ऐसे में अवधेश प्रताप की कांग्रेस से नजदीकी उपचुनाव से पहले अहम मानी जा रही है।

अवधेश प्रताप सिंह की पत्नी देवरी जमादार से जिला पंचायत सदस्य हैं। दमोह सीट पर अवधेश की पकड़ भी अच्छी कही जा रही है। यहां से कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय टंडन और पूर्व जिला अध्यक्ष रतन जैन का नाम भी चर्चाओं में हैं। तस्वीरें वायरल होने के बाद भी यह पुष्टि नहीं हुई है कि अवधेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है या कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से उनकी ये मुलाकातें महज औपचारिक है।

लोधी वोट पर नजर
दमोह सीट को लोधी बाहुल्य माना जाता है। लोधी वोटर्स के चलते ही राहुल लोधी ने यहां भाजपा के दिग्गज नेता जयंत मलैया को 2018 विधानसभा चुनाव में हराया था। अवधेश प्रताप भी लोधी समुदाय से आते हैं। ऐसे में अगर भाजपा ने राहुल लोधी को टिकट दिया तो कांग्रेस भी लोधी समुदाय के चेहरे पर दांव लगा सकती है।

Exit mobile version