जस्टिस एनवी रमन्ना होंगे भारत के 48वें मुख्य न्यायाधीश, 24 अप्रैल को लेंगे शपथ

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया है। न्यायाधीश एनवी रमन्ना देश के मुख्य न्यायाधीश होंगे। वे अपने पद की शपथ 24 अप्रैल को लेंगे। वे इस पद पर 26 अगस्त 2022 तक बने रहेंगे। वह इस अहम पद पर कुल 16 महीने तक रहेंगे।

जस्टिस रमन्ना का जन्म 27 अगस्त 1957 को हुआ था। 2014 में सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति से पहले वह दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस थे। जस्टिस रमन्ना के सबसे चर्चित फैसलों में जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट की बहाली भी एक हैं। जस्टिस रमन्ना चीफ जस्टिस के कार्यालय को सूचना के अधिकार कानून के दायरे में लाने का फैसला देने वाली बेंच के भी सदस्य रह चुके हैं।

जस्टिस रमन्ना पहली बार 10 फरवरी 1983 को वकील बने थे। उसके बाद वह 27 जून 2000 को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के स्थायी जज के रूप में नियुक्त हुए। उन्होंने 10 मार्च 2013 से 20 मई 2013 तक आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य किया था।

Exit mobile version