समाजवादी पार्टी के संस्थापक-संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन

82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव का 22 अगस्त से मेदांता अस्पताल में इलाज़ चल रहा था। दो अक्टूबर को उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया था।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और राष्ट्रीय राजनीति में उत्तरप्रदेश के बड़े चेहरे रहे मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे मेदांता अस्पताल में वेंटीलेटर पर थे और उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई थी।

82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव का 22 अगस्त से मेदांता अस्पताल में इलाज़ चल रहा था। दो अक्टूबर को उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया था। मुलायम सिंह यादव के बेटे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य लखनऊ से दिल्ली पहुँच चुके थे।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है-

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। राजनीति शास्त्र में एमए कर चुके मुलायम सिंह यादव 1967 में पहली बार यूपी के जसवंत नगर से विधायक निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे थे। वह आठ बार विधायक चुने गए और सात बार निर्वाचित होकर लोकसभा सांसद बने। यूनाइटेड फ्रंट गठबंधन की सरकार में वे रक्षा मंत्री भी बने थे।

वर्ष 1989 में वह पहली बार उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 1993 और फिर 2003 दूसरी और तीसरी बार सीएम पद पर काबिज हुए। साल 1992 में मुलायम सिंह ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी और 1993 में बसपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। मुलायम सिंह यादव फिलहाल लोकसभा में मैनपुरी सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

Exit mobile version