ग्वालियर में शाह की मौजूदगी के बाद भी पूर्व BJP विधायक ने थामा कांग्रेस का हाथ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल में दिलाई सदस्यता

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नेताओं का पार्टी से मोहभंग होने का सिलसिला जारी है। ग्वालियर चंबल अंचल में शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी के बाद भी बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहां मुरैना जिले के बीजेपी के पूर्व विधायक कमलेश सुमन ने अपने साथियों के साथ पार्टी छोड़ कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

मुरेना जिले की अंबाह विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक कमलेश सुमन ने मुरैना के भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेश सिंह तोमर, पोरसा भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष पाल बघेल महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सरपंच भीकमसिंह बघेल, अम्बाह भाजपा मण्डल के महामंत्री तथा अनुसूचिज जाति मोर्चा के अध्यक्ष शंकरलाल सखवार के साथ शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के भोपाल स्थित निवास पर पहुंचकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कमलनाथ ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलायी और कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। कमलनाथ ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा की नीतियों और कुशासन से त्रस्त होकर इन नेताओं ने सच्चाई का साथ दिया है, सच्चाई को पहचाना है और अपनी निष्ठा के साथ कांग्रेस पार्टी में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

कमलेश सुमन ने इससे पहले भाजपा में सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। कमलेश सुमन का कहना है कि अब भारतीय जनता पार्टी संगठन आधारित पार्टी नहीं रह गई है। यहां पार्टी के गद्दारी करने वाले नेताओं को टिकट दे दिया जाता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने हिसाब से संगठन को चला रहे हैं।

Exit mobile version