MP चुनाव में हिंसा: छतरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी के ड्राइवर की हत्या, दिमनी में फायरिंग

दो दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से मारपीट और हिंसा की खबरें

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में अगली सरकार के लिए मतदान शुक्रवार सुबह सात बजे से प्रारंभ हो गया है। पोलिंग बूथों पर सुबह से मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है और मतदाताओं की कतारें लगने लगी हैं। वहीं मतदान के दौरान हिंसा की खबरे भी आ रही हैं।

छतरपुर जिले के राजनगर के कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा के ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि छतरपुर जिले के राजनगर से विधायक विक्रम सिंह नाती राजा पर गाड़ी चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया गया। इसके बाद फायरिंग में उनके ड्राइवर सलमान खान की मौत हो गई है।

विक्रम सिंह नाती राजा का आरोप है कि हमला भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया ने कराया। वहां भारी तनाव है। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने सामने हैं। घटना के बाद विक्रम सिंह नाती राजा रोते हुए नज़र आये।

मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर फायरिंग हो गई। दिमनी से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भाजपा प्रत्याशी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ दो दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से मारपीट और हिंसा की खबरें आ रही हैं।

इधर मतदान से ठीक पहले इंदौर के भंवरकुआं थाने पर गुरुवार रात जमकर हंगामा हुआ। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राऊ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जीतू पटवारी के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया। इसकी जानकारी लगते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी यहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।

Exit mobile version