बजट सत्र: निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए गिरीश गौतम, साइकिल से विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक

मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन गिरीश गौतम निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन गिरीश गौतम निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद सोमवार को विधानसभा में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। वहीं कांग्रेस विधायक सत्र के पहले दिन साइकिल से विधानसभा पहुंचे।

विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए देवतालाब से भाजपा विधायक गिरीश गौतम ने रविवार को नामांकन भरा था। विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन भरा गया था। कांग्रेस ने रविवार को ही अध्यक्ष के लिए निर्विरोध निर्वाचन के लिए सहयोग की बात कहते हुए नामांकन न भरे जाने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद गिरीश गौतम के निर्वाचन की महज औपचारिकता ही शेष थी।

विधानसभा में सोमवार को अध्यक्ष पद के निर्विरोध निर्वाचन के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी कार्यवाही में भाग लेने विधानसभा पहुंचे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी और आरिफ मसूद सुबह साइकिल से विधानसभा पहुंचे।

महंगाई के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने यह सांकेतिक प्रदर्शन किया।

बजट सत्र 26 मार्च तक चलेगा। इस बार भी सत्र हंगामेदार होगा। विपक्षी कांग्रेस पेट्रोल-डीजल के साथ लगातार बढ़ रही महंगाई, उज्जैन और मुरैना में जहरीली शराब से मौतों के अलावा सीधी बस हादसे पर शिवराज सरकार को घेरने को तैयार है। वहीं भाजपा भी विपक्षी हमले को लेकर तैयार है। दोनों ही दलों के विधायकों की सोमवार शाम बैठक भी होनी है।

Exit mobile version