दिग्विजय का किला कायम, राघौगढ़ में पूरी ताकत लगाकर भी हारी BJP

राघौगढ़ नगर पालिका के 24 वार्डों में से कांग्रेस ने 16 वार्ड में जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा केवल 8 वार्ड में ही सिमट गई।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश के 19 नगरीय निकायों के चुनाव नतीजे मंगलवार को आ गए। विधानसभा चुनाव से पहले इन आखिरी निकाय चुनाव में सबसे ज्यादा निगाह राघौगढ़ पर टिकी थी। यहाँ भाजपा पूरी ताकत लगाने के बाद भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के किले को नहीं भेद सकी है। यानी कांग्रेस का राघौगढ़ नगर पालिका पर कब्जा बरकरार रहा।

राघौगढ़ नगर पालिका के 24 वार्डों में से कांग्रेस ने 16 वार्ड में जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा केवल 8 वार्ड में ही सिमट गई। हालांकि शुरुआती रुझान में भाजपा यहाँ कांग्रेस को टक्कर देती नज़र आई लेकिन कांग्रेस ने अपनी बढ़त कायम रखते हुए 16 वार्डों में विजय का परचम लहरा दिया। दिग्विजय सिंह का किला भेदने दिग्गजों की फौज उतारने के बाद भी भाजपा को 8 वार्ड में ही जीत से संतोष करना पड़ा।

इस बार राघौगढ़ में जहां भाजपा के लिए शिवराज सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पूरे समय डेरा डाले रहे, वहीं सांसद रोडमल नागर भी प्रचार में डटे रहे। संघ भी ख़ासा सक्रिय दिखा जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह ने मोर्चा संभाला था। विधायक लक्ष्मण सिंह ने भी चुनावी सभाएं लेकर भाजपा के मंसूबों पर यहाँ पानी फेरा।

राघौगढ़ नगर पालिका से ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वे यहां से नगर पालिका का पहला चुनाव लड़े और राघोगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष बने थे। तब से लेकर यहां पर दिग्विजय सिंह का ही कब्जा है। उन्हीं के चहेतों ने नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कब्जा किया है। बीजेपी हमेशा ही यहां से शिकस्त खाती आई है।

धार जिले के पीथमपुर नगर पालिका में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया। 17 वार्डों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, तो भाजपा को 12 वार्डों में जीत मिली। यहां धार विधायक नीना वर्मा के पति व भाजपा के दिग्गज नेता विक्रम वर्मा की साख दांव पर थी। बताया जा रहा है कि भाजपा को अपने ही बागियों ने यहाँ बड़ा नुकसान पहुंचाया है।

अगर सभी 19 नगरीय निकायों के परिणामों की बात की जाए तो 11 पर भाजपा और 8 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। 4 नगर पालिका व 7 नगर परिषद में भाजपा ने कब्जा किया है। वहीं राघौगढ़ और पीथमपुर नगर पालिका समेत 6 नगर परिषद में भी कांग्रेस को जीत मिली है। 6 नगर पालिका और 13 नगर परिषद के लिए 20 जनवरी को वोट डाले गए थे। इन चुनावों में 67 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।

Exit mobile version