विश्नोई का कटाक्ष-धन्यभाग भोपाल की सड़कों का जो CM की नजरें इनायत हुईं

अजय विश्नोई ने सड़कों की बदहाली पर शिवराज सरकार को आईना दिखाया है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) बारिश ने प्रदेश की सड़कों की कलई खोल दी है। प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शिवराज सरकार की जमकर किरकिरी करा रही हैं। अब तो भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता अजय विश्नोई ने भी सड़कों की बदहाली पर शिवराज सरकार को आईना दिखा दिया है।

दरअसल भोपाल की बदहाल सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की थी। इसमें राजधानी परियोजना प्रशासन को बंद करने का अहम निर्णय मुख्यमंत्री ने लिया था वहीं अधिकारियों को सड़कों की जल्द मरम्मत के निर्देश भी मुख्यमंत्री शिवराज ने दिए थे।

इस बैठक को लेकर ही भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने एक ट्वीट किया। अजय विश्नोई ने कटाक्ष किया कि धन्यभाग भोपाल की सड़कों का, मुख्यमंत्री जी की नजरें इनायत हो गई। उम्मीद है बाकी प्रदेश की सड़कों पर मुख्यमंत्री जी की नज़र जल्द पड़ेगी।

प्रदेश की बदहाल सड़कों की तस्वीरें सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो चुकी हैं। कांग्रेस नेता भी सड़कों को स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज के उस बयान पर चुटकी लेना नहीं भूलते जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज ने प्रदेश की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बताया था।

अब अजय विश्नोई के इस ट्वीट से प्रदेश की सड़कों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। हाल किस तरह के होंगे जब प्रदेश की भाजपा सरकार के विधायक ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हों। दूसरी ओर इसे अजय विश्नोई की प्रेशर पाॅलिटिक्स भी कहा जा रहा है लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि बारिश के कारण प्रदेश की सड़कें गड्डों में तब्दील हो चुकी हैं।

Exit mobile version