सिंधिया को 2 महीने में तीसरा झटका, रघुराज धाकड़ ने BJP छोड़ थामा कांग्रेस का हाथ
भाजपा में उपेक्षा को बताया घर वापसी का कारण, कांग्रेस सरकार बनाने का किया दावा
Ashok Chaturvedi
भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस ने फिर बड़ा झटका दिया है। सिंधिया के कट्टर समर्थक कहे जाने वाले कोलारस के नेता रघुराज सिंह धाकड़ गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। रघुराज सिंह धाकड़ के साथ चंदेरी से जयपाल सिंह यादव और यदुराज सिंह यादव ने भी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में इन नेताओं ने कांग्रेस की शपथ ली। रघुराज सिंह धाकड़ के कांग्रेस में शामिल होने को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले सिंधिया समर्थक बैजनाथ सिंह यादव और राकेश गुप्ता पहले ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के नेतृत्व से प्रभावित होकर कोलारस से रघुराज सिंह धाकड़ जी, चंदेरी से जयपाल सिंह यादव जी एवं यदुराज सिंह यादव जी ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। pic.twitter.com/2LECQnsbp7
रघुराज सिंह धाकड़ के कांग्रेस में शामिल होने में विधायक जयवर्धन सिंह की बड़ी भूमिका बताई जा रही है। कांग्रेस में घर वापसी पर रघुराज सिंह धाकड़ ने कहा कि हमेशा से मेरी कांग्रेस की विचारधारा रही है। मैं बीजेपी में रहा फिर भी मेरे मन में हमेशा कांग्रेस ही थी। दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह से मैं हमेशा से प्रभावित रहा हूँ।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में तवज्जो नहीं मिलने के चलते मुझे घर वापसी करना पड़ रहा है। हम तो मूल कांग्रेसी थे पर सिंधिया जी के कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने के चलते में महाराज के साथ भाजपा में चला गया था। धाकड़ ने विश्वास जताया कि अगले चुनाव में कांग्रेस का MLA और सरकार बनाएंगे।
इससे पहले कोलारस विधानसभा के धाकड़ समाज के कद्दावर नेता सिंधिया समर्थक और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुराज सिंह धाकड़ सुबह 8 बजे सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भोपाल रवाना हुए। भोपाल स्थित कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के बंगले पर उन्होंने पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली।