युवती को इंजेक्शन लगा दो दिन गैंगरेप, भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत चार पर केस

शहडोल में भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत चार युवकों पर गैंगरेप का केस दर्ज हुआ है। आरोपियों ने युवती को नशे का इंजेक्शन लगाने के बाद दो दिन तक उसके साथ गैंगरेप किया।

शहडोल (जोशहोश डेस्क) शहडोल से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष समेत चार युवकों पर गैंगरेप का केस दर्ज हुआ है। आरोपी युवती को अगवाकर फाॅर्महाउस ले गए। जहां नशे का इंजेक्शन लगाने के बाद दो दिन तक युवती के साथ गैंगरेप किया गया। मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है। केस दर्ज होने के बाद मंडल अध्यक्ष को भाजपा ने पार्टी से निकाल दिया है।

युवती ने पुलिस को बताया कि शाम करीब सात बजे वह घर के बाहर टहल रही थी। तभी कार से कुछ लोग उतरे और मुंह दबा कर मुझे जबरन कार में बैठा लिया। कार से करीब मुझे आठ किलोमीटर दूर गडाघाट स्थित एक फाॅर्महाउस ले जाया गए यहां मुझे नशे का इंजेक्शन दिया और शराब पिलाई। फिर चार लोगों ने दुष्कृत्य किया। 20 फरवरी को हालत बिगड़ने पर चारों मुझे बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर चले गए। मेरी आवाज सुन घरवाले मुझे अंदर ले गए।

पुलिस ने इस मामले में भाजपा जैतपुर मंडल अध्यक्ष विजय त्रिपाठी, राजेश शुक्ला, मुन्ना सिंह और मोनू महाराज के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी पीड़िता की पहचान के हैं।

वहीं मामले पर संज्ञान लेते हुए भारतीय जनता पार्टी ने जैतपुर मंडल अध्यक्ष विजय त्रिपाठी को पार्टी से बाहर कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि भाजपा में ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है। इसलिए जैतपुर मंडल अध्यक्ष को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।

गैंगरेप में भाजपा नेता के नाम आने से कांग्रेस हमलावार है। विधायक कुणाल चौधरी ने ट्वीट कर कहा कि गिरफ्तारी किसी भाजपा कार्यालय से हो तो कोई अचंभा नहीं होना चाहिए।

पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल चारों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version