Siddhi Hates Shiva होर्डिंग्स से नाराज धार्मिक संगठन!

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर पर लगा एक होर्डिंग चर्चा में है। वैलेंटाइन वीक में लगा यह होर्डिंग सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। एमपी नगर में लगे इस होर्डिंग पर सिद्धि हेट्स शिवा लिखा है। कुछ लोग इसे मोहब्बत में धोखा खाई युवती द्वारा प्रेमी का नाम सरेआम करने की बात कही जा रही है तो कुछ लोग इसे सीरियल, वेब सीरीज या फिल्म की ब्रांडिंग से जोड़ रहे हैं।

होर्डिंग्स से धार्मिक संगठन नाराज

सोशल मीडिया में यह होर्डिंग्स छाए हुए हैं वहीं धार्मिक संगठनों ने इन होर्डिंग्स को धार्मिक आस्थाओं के साथ खिलवाड़ बताया है। लोगों का तर्क है कि सिद्धि भगवान गणेश की पत्नी हैं, जो भगवान शिव की बहू का भी नाम है, जबकि शिवा, भगवान शंकर का नाम है। ऐसे में यह होर्डिंग क्यों लगाया गया है इसकी जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही हिंदू संगठनों ने इस तरह के होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के अनुसार ऐसे होर्डिंग देवी-देवताओं के नाम का व्यवसायिक उपयोग करते हैं। ऐसे लोगों की यह हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि इन होर्डिंग को जल्द ही नहीं हटाया गया तो सख्त एक्शन लिया जाएगा।

सोशल मीडिया में हैशटैग हुआ ट्रेंड

होर्डिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद लोगों की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगीं हैं। सोशल मीडिया में लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी लगे हैं यह पोस्टर

सिद्धी हेट्स शिवा नाम से लगा यह पोस्टर सिर्फ भोपाल में नहीं लगा है। भोपाल के साथ-साथ जबलपुर में भी इस तरह के पोस्टर लगे हुए हैं।।वहीं देश के कई हिस्सों में भी ऐसे होर्डिंग लगे हुए हैं। देश के मेट्रो शहर नई दिल्ली, मुंबई और लखनऊ के इलाकों में भी इस तरह के  पोस्टर लगे हुए हैं।

Exit mobile version