बागेश्वर धाम में महिला की मौत, फर्ज़ीवाड़े को चमत्कार बताने वाला मीडिया जिम्मेदार?

धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में अर्ज़ी लगाने आई थी महिला, अर्जी के लिए नंबर आने से पहले ही मौत

छतरपुर (जोशहोश डेस्क) छतरपुर के बागेश्वर धाम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। यहाँ पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के दिव्य दरबार में बीमारी से पीड़ित एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला इलाज की उम्मीद लिए बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में अर्ज़ी लगाने आई थी।

बताया जा रहा है कि फ़िरोज़ाबाद की नीलम देवी किडनी की बीमारी से परेशान थीं कल अचानक तबियत बिगड़ने के बाद नीलम देवी ने दम तोड़ दिया। वे अपनी अर्जी लगाने के लिए पहुंची थी। अर्जी के लिए नंबर आने से पहले ही उसकी मौत हो गयी।

महिला की मौत को लेकर अब सोशल मीडिया पर सवाल भी उठाए जाने लगे हैं। यह कहा जा रहा कि इस मौत के ज़िम्मेदार वो न्यूज़ चैनल हैं जो एक फ़र्ज़ीवाड़े को चमत्कार बना कर बेच रहे हैं और ग़रीब-अनपढ़/बीमार लोगों को अस्पताल के बजाय इस जगह तक आने का माहौल बना रहे हैं-

वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि बागेश्वर धाम आने की बजाए महिला अगर किसी डॉक्टर के पास जाकर अपना इलाज करवाती तो शायद आज वो ज़िंदा होती। यह भी कहा जा रहा है कि इस महिला की हत्या में मीडिया के साथ उन सभी लोगों का सहयोग है, जो अंधविश्वास को प्रमोट कर रहे।

गौरतलब है कि बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथित चमत्कार को लेकर आरोपों के बाद सुर्खियों में आए थे। उन पर जादू-टोना के नाम पर लोगों को भ्रमित करने के आरोप लगाए गए थे। आरोपों के बाद उन्होंने कहा था कि वे चमत्कार नहीं करते बल्कि भगवान से जो आदेश मिलता है उसे पर्ची पर लिखकर बताते हैं। अब वे हिन्दू राष्ट्र बनाये जाने की वकालत कर सुर्ख़ियों में हैं।

Exit mobile version